कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 16 सितंबर। केशकाल जनपद पंचायत के नवपदस्थ सीईओ रामेश्वर महापात्र ने गुरुवार को बिहान कार्यालय के सभाकक्ष में सचिव संघ की मासिक बैठक रखी गयी थी। इस बैठक में सीईओ महापात्र ने समस्त ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माणकार्यों की स्थिति के सम्बंध में जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। साथ ही सचिव संघ के अध्यक्ष रमेश नेताम व सरपंच संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश मरकाम के नेतृत्व में समस्त सचिवों ने नवपदस्थ सीईओ को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा की गई हड़ताल में सचिव संघ ने भी समर्थन दिया था। ऐसे में लगभग सभी ग्राम पंचायतों में होने वाले कार्य पूर्णत: बन्द थे। इस दौरान जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.एल नाग के स्थान पर रामेश्वर महापात्र ने नवीन सीईओ के रूप में पदभार ग्रहण किया है। जिनका आज सचिव संघ के द्वारा सहर्ष स्वागत किया गया।
पंचायत सचिव संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश नेताम ने कहा कि हड़ताल के कारण पंचायतों में होने वाले कार्य प्रभावित जरूर हुए हैं। लेकिन पंचायत सचिव संघ का प्रयास रहेगा कि नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी के दिशानिर्देशों के अनुसार कार्य करते हुए ग्राम पंचायतों का उत्तरोत्तर विकास करने का हर सम्भव प्रयास करेंगे। इस दौरान सरपंच संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश मरकाम व समस्त सचिवगण मौजूद रहे।