कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 17 जुलाई। जिला भाजपा कार्यालय में द्रौपदी मुर्मू को एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए जाने के संबंध में 16 जुलाई को पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इसी कड़ी में देर शाम भाजपा उपाध्यक्ष लता उसेण्डी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम के निवास में पहुंच कर समर्थन मांगा गया। समर्थन मांग करते हुए विधायक की अनुपस्थिति में उनके सलाहकार को पत्र सौंपा गया।
प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने कहा कि, आजादी के अमृत महोत्सव काल में पहली बार किसी आदिवासी को राष्ट्रपति बनाने की दिशा में एनडीए गठबंधन द्वारा लिया गया, यह निर्णय ऐतिहासिक है। देश की जनजातियों को वर्षों से उपेक्षा का शिकार होना पड़ा है, लेकिन देश के एक जनजातीय समाज की महिला को देश के सर्वोच्च पद पर बैठाने की पहल पहली बार एनडीए सरकार ने की है, जो अनुकरणीय है।
पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, ब्रह्मानंद नेताम, सुमित्रा मारकोले, संगीता पोयाम, जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, अजजा जिला अध्यक्ष संजीव पोयाम मौजूद रहे।