कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 17 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा संगठन के चुनाव हेतु केशकाल निर्वाचन अधिकारी के रूप में नियुक्त किये गए इकबाल सिंह भल्ला की अध्यक्षता एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शमशेर आलम, जिला प्रभारी यशवर्धन राव एवं केशकाल विधायक संतराम नेताम की मौजूदगी में रविवार की दोपहर पंचवटी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक रखी गयी थी। जहां सर्वप्रथम कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया, इसके पश्चात ब्लॉक अध्यक्ष के चुनाव हेतु चर्चा शुरू हुई।
कांग्रेस के समस्त वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुई इस चर्चा के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेतु रतिराम मरकाम एवं राजेश नेताम का नाम प्रस्तावित हुआ। जहां रतिराम मरकाम एवं राजेश नेताम दोनों ने ब्लॉक अध्यक्ष पद हेतु अपना पक्ष रखा। इस दौरान घंटों तक चले विचार विमर्श के बाद अंतत: ब्लॉक अध्यक्ष हेतु रतिराम मरकाम एवं प्रदेश प्रतिनिधि हेतु अमीन मेमन का नाम प्रस्तावित किया गया है।
हालांकि अंतिम निर्णय व घोषणा प्रदेश निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी। इस दौरान समस्त कांग्रेसी जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी व सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।