कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 4 अप्रैल। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर जनपद पंचायत केशकाल के कर्मचारी भी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। मनरेगा कर्मचारियों के हड़ताल से जनपद पंचायत के अनेकों कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इस बारे में जानकारी देते हुए मनरेगा कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप दिव्य ने बताया कि चुनावी जनघोषणपत्र को आत्मसात करते हुए मनरेगा कर्मचारियों के नियमितीकरण एवं ग्राम रोजगार सहायकों का वेतनमान निर्धारित कर समस्त मनरेगा कर्मचारियों को सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायतकर्मी नियमावली लागू करने की मांग को लेकर 4 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत की गई है। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती है हमारी यह हड़ताल जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि मनरेगा कर्मचारी लम्बे समय से अपनी मांगों पूरा करवाने के लिए समय समय पर शासन प्रशासन से मांग करते आ रहे हैं। इसके लिए कुछ महीने पहले सांकेतिक रूप से प्रदर्शन कर ध्यानाकर्षण करवाने का प्रयास भी किया गया था लेकिन सरकार की कोई से संतोषजनक जवाब नहीं मिला था, इसलिए हमें पुन: अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करना पड़ा है।