कोण्डागांव

वन कर्मचारी संघ मांगों को ले 21 से करेंगे बेमुद्दत धरना प्रदर्शन
10-Mar-2022 3:22 PM
वन कर्मचारी संघ मांगों को ले 21 से करेंगे बेमुद्दत धरना प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 10 मार्च।
छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ द्वारा प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में कोंडागांव जिले में भी वन कर्मचारी संघ आगामी 21 मार्च से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करने वाले हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए वन कर्मचारी संघ कोंडागांव के जिलाध्यक्ष ईश्वर कवाची ने बताया कि हमारे प्रांत अध्यक्ष मूलचंद शर्मा के निर्देशानुसार बुधवार को केशकाल के पंचवटी में जिला स्तरीय बैठक आहुत की गई थी। इस बैठक में कोंडागांव, फरसगांव, बड़ेराजपुर, माकड़ी और केशकाल विकासखंड से वन कर्मचारी शामिल हुए थे। इस दौरान वन कर्मचारी संघ द्वारा अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आगामी 21 मार्च को शुरू करने वाले डिवीजन स्तरीय धरना प्रदर्शन के संबंध में रणनीति तैयार की गई है।

बैठक में मुख्य रूप से प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सुशीला नेताम, जिला उपाध्यक्ष जहांगीर खान, जिला सचिव पारस पटेल, केशकाल मण्डल अध्यक्ष वासुदेव डहरिया, कोंडागांव मण्डल अध्यक्ष चन्दन सेठिया, रतनलाल शोरी, सतीश ध्रुव,काशीराम यदाव, भुनेश दर्रो समेत बड़ी संख्या में वन कर्मचारी मौजूद रहे।

ज्ञात हो कि यदि वन कर्मचारी 21 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाते हैं, तो वन विभाग का काम पूरी तरह से प्रभावित होगा। साथ ही गर्मी का मौसम शुरू होने के कारण मार्च में जंगल में आगजनी की घटनाएं, अवैध कटाई, अवैध उत्खनन, शिकार आदि घटनाओं में तेजी आने की संभावनाएं अधिक होती है।


अन्य पोस्ट