कोण्डागांव

कोण्डागांव, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा की उपस्थिति में सिटी कोतवाली कोण्डागांव में महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूरे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में मुख्यालय व यातायात डीएसपी के पद पर भुवनेश्वरी पैकरा, साइबर सेल डीएसपी के पद पर उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा चंद्रा व थाना प्रभारी के पद पर अर्चना धुरंधर पूरी कर्तव्यनिष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही हंै। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं के लिए शुरू हुए अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी दी गई, जिससे जिले की महिलाएं शासन की मंशा के अनुरूप अभिव्यक्ति ऐप से लाभान्वित हो सके। इस ऐप के इस्तेमाल के लिए सबसे पहले महिलाओं बालिकाओं को अपने मोबाईल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करना है। जिसमें उन्हें साईन इन करना है। अपना मोबाईल नंबर डालना है, ओटीपी आयेगा उसे ऐप में डालना है, केवायसी अपडेट करना है, जिसके बाद महिलाए कभी भी इस ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है।
इस कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी कोतवाली अर्चना धुरंधर व टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के मोबाइल में अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करा कर प्रायोगिक तौर पर एस.ओ.एस. बटन दबाकर आपातकाल में उपयोग के लिए अभ्यास भी कराया गया। जिसमें एस.ओ.एस. बटन दबाते ही कुछ सेकंड में पुलिस मुख्यालय से महिला के पास कॉल आया व परेशानी के संबंध में पूछताछ की गई। इसके साथ ही छात्राओं को साइबर क्राइम, महिला संबंधी अपराध और बाल अपराध के विषय में भी जानकारी दी गई। कोई भी समस्या होने पर ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करने के लिए बताया गया।