कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 31 दिसंबर। आजादी के अमृत महोत्सव के अतंर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारजनों को सम्मानित करने हेतु समारोह का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में स्वतंत्रता सेनानी स्व भगवती जाधव, स्व श्यामराव जाधव, स्व, लक्ष्मीदास उदेशी, स्व. दयाघन जिसकर के परिवारजन मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई को पहली पीढ़ी ने लड़ा, दूसरी पीढ़ी ने सुना एवं अब तीसरी पीढ़ी यानि हमारा यह कर्तव्य है कि हम स्वतंत्रता की इन महान गाथाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं एवं उन्हें आजादी के असली महत्व को समझाएं की कैसे कई वीरों के बलिदानों के पश्चात् हमें आजादी मिली है। ऐसे आयोजनों को लगातार किया जाना चाहिए जिससे हमारी आने वाली पीढिय़ों को भी पता चले की हमारे जिले से भी लोगों ने राष्ट्रीय आंदोलनों में योगदान रहा था।
इस दौरान कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि हम सभी को स्वतंत्रता एवं उसके मूल्यों को अपने जीवन में उतार कर कर्मपथ पर आगे बढऩा चाहिए। आवश्यक नहीं की आप कोई बड़ा कार्य करें या सरहद पर जाकर युद्ध में भाग लें। आप अपने आस पास स्वच्छता रखते हुए लोगों को अच्छे कार्यों हेतु प्रेरित कर भी देश के लिए कार्य कर सकते हैं। कोरोना काल में सेवा तथा टीकाकरण कार्यक्रम में भी लोगों ने बढ़ चढक़र योगदान देते हुए देश सेवा की नई मिसाल प्रस्तुत की है।
इस आयोजन में दयाघन जिसकर की पुत्री ने बताया कि दयाघन जिसकर जी ने द्वितीय विश्व युद्ध में भाग लेते हुए अलग अलग देशों में लड़ाईयां लड़ी थी। जिसकी वजह से उन्हें पांच विदेशी वीरता मेडल प्राप्त हुए थे। वे कई भाषाओं के ज्ञानी थे। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने अपनी भूमिका निभाई। उन्होंने अपने बच्चों को भी आत्मनिर्भरता हेतु स्वेटर बुनने एवं सूत कातने की विधि सिखाई थी।
स्वतंत्रता सेनानी दंपति भगवती एवं श्यामराव जाधव के पुत्र ने बताया कि उनके माता-पिता दोनों ने ही भारत छोड़ो आंदोलन के समय बढ़-चढक़र आंदोलनों में हिस्सा लिया था। जिसके लिए उनकी मां भगवती जाधव को 1942 में जबलपुर एवं वर्धा तथा 1943 में नागपुर सेंट्रल जेल में कई दिन गुजारने पड़े थे।
उन्होंने अपने जीवन के कई वर्ष गांधी जी के वर्धा महिला आश्रम में बिताए थे। जहां उन्हें स्वावलंबी, आत्मनिर्भरता एवं स्वतंत्रता आंदोलनों में भाग लेने की प्रेरणा मिली थी। 1972 में उनकी माता को ताम्रपत्र भी शासन द्वारा प्राप्त हुआ था।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि उनके पिता श्यामराव जाधव के पिता भी स्वतंत्रता सेनानी थे। उनके जन्म के समय वे वर्धा आश्रम में अपने पिता की मृत्यु के पश्चात् अपने काका के संग रहा करते थे। जहां उन्हें शिक्षा के साथ देशप्रेम एवं आजादी के संबंध में प्रेरणा मिली। जिसके पश्चात् स्वदेशी सत्याग्रह, भारत छोड़ो आंदोलन में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। उन्हें भी कई बार जेल में रहकर प्रताडऩा का सामना करना पड़ा था। आजादी के पश्चात् दम्पति शिक्षक के रूप में बस्तर आगमन हुआ। जहां उन्होंने दंतेवाड़ा, गीदम, बीजापुर, नारायणपुर में स्कूलों को खोलने में अहम भूमिका निभाई। रिटायरमेंट के बाद भी वे लगातार आदिवासी उत्थान एवं सामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे।
इस अवसर पर लक्ष्मीदास उदेशी एवं उनकी बहन डॉ. लीलावती उदेशी के संबंध में उनकी पुत्रवधू ने बताया कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश सेवा को किया समर्पित कर दिया था। बचपन में उनके पिता के गुजर जाने के पश्चात् उन्होंने गांधी जी के आश्रम जाने की इच्छा जताई जिसपर आर्थिक तंगी के कारण वे नहीं जा पा रहे थे। जिसके पश्चात् पुस्तैनी सोने के कंगनों को बेचकर दोनों भाई बहन साबरमती आश्रम पहुंचे। जहां लक्ष्मीदास ने पेपर अगरबत्ती एवं अन्य वस्तुएं बनाने का कार्य किया साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के लिए संदेश वाहन एवं आंदोलनों को गति देने का कार्य किया करते थे। वहीं बहन लीलावती को गांधी जी द्वारा पढ़ाई हेतु प्रेरित किए जाने के बाद ऐसी महिला जिसे वर्णमाला भी नहीं आती थी उसनें डॉक्टर बनने की ठानी और उसे वल्लभ भाई पटेल, सरोजनी नायडू, जवाहरलाल नेहरू, गोविंद वल्लभ पंथ जैसी महान हस्तियों द्वारा पढ़ाए जाने के बाद उन्हें इंटर परीक्षा पास कर एमबीबीएस हेतु चयनित होकर डॉक्टरी की पढ़ाई की। आजादी के बाद भी दोनों ने अपनी सारी कमाई गरीब, अनाथ, नि:शक्त लोगों के लिए ट्रस्ट बनाकर दान कर दी एवं आजीवन अपनी कमाई असहायों की सहायता में लगा दी।