कोण्डागांव
केशकाल, 22 दिसंबर। सहायक शिक्षक फेडरेशन का वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को भी जारी रहा। जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने रावणभाठा मैदान पहुंच कर सहायक शिक्षक फेडरेशन के धरने को अपना समर्थन दिया।
सर्वप्रथम सहा. शिक्षकों ने समर्थन देने आए सभी भाजपाई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का तिलक चंदन लगाकर स्वागत किया। ततपश्चात मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने सहायक शिक्षक फेडरेशन की मांगों को पूर्णत: जायज बताते हुए प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल को जनघोषणपत्र मे शिक्षकों को किये हुए वादे तत्काल पूरा करने का आग्रह किया।
धरना प्रदर्शन को समर्थन देने आए भाजपा केशकाल के मण्डल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने कहा कि वेतन विसंगति को लेकर शिक्षकों द्वारा सरकार से 2013 से चल रही लड़ाई पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बताया कि भूपेश सरकार ने वादा किया था कि राज्य में अगर सरकार बनती है तो तत्काल इस मांग को पूरा कर दिया जाएगा, पर अब तक 3 साल बीतने के बाद भी कोई पहल नहीं किया गया। भाजपा परिवार की ओर से हम सहायक शिक्षकों की इस जायज मांग का पूर्णत: समर्थन करते हैं। यदि राज्य सरकार यह मांग यथाशीघ्र पूरी नहीं करती तो आने वाले चुनाव में इसका जाबाब सभी मिलकर देंगे।
फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष धनसाय नेताम ने कहा कि इस हड़ताल को लेकर राज्य सरकार द्वारा अभी तक हमारे प्रांतीय पदाधिकारियों से किसी प्रकार की वार्ता नहीं की गयी है। इससे पहले हमने राजधानी रायपुर में विधानसभा घेराव किया था, इसके पश्चात जेल भरो आंदोलन भी किया गया था, लेकिन राज्य सरकार के कान में जूं तक नही रेंगी।
वर्तमान में क्रमिक भूख हड़ताल जारी है, जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होंगी यदि आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सन्तोष कटारिया, जिला कोषाध्यक्ष धनराज मालू, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सिन्हा, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय पोया, मण्डल महामंत्री नवदीप सोनी, जनपद सदस्य वीरेंद्र महेश बघेल, पार्षद भूपेश सिन्हा, अजय मिश्रा समेत दर्जनों भाजपाई मौजूद रहे।


