कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 15 दिसंबर। जिले में एक दिसंबर से कोदो, कुटकी एवं रागी का छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। जिसके लिए स्व सहायता महिलाओं द्वारा वनोपज खरीदी केन्द्रों में खरीदी का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत् कोदो को 30 रुपए कुटकी, काला एवं भूरा, को 30 रुपए एवं रागी को 33.77 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदी की जा रही है। इन खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं के निरीक्षण हेतु सोमवार को दक्षिण वनमंडल कोण्डागांव के वनमंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता द्वारा कोण्डागांव एवं मर्दापाल परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खरीदी केन्द्रों का दौरा किया गया।
इस दौरान उन्होंने संबलपुर, बम्हनी, बांसगांव, तोड़म, बालेंगा, चौड़ंग, बयानार, मर्दापाल एवं हसलनार स्थित वनोपज खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने महिला स्व सहायता समूहों द्वारा खरीदी केन्द्र के अतिरिक्त घर.घर जा कर कोदो कुटकी एवं रागी खरीदी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं को वनोपज के गुणवत्ता परीक्षण की विधियों को समझाकर उच्च गुणवत्ता के उत्पादों की खरीदी हेतु प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने समूह की महिलाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में चर्चा की साथ ही आए कृषकों से बात करते हुए खरीदी के दौरान उत्पादों की अच्छी साफ सफाई के उपरांत केन्द्रों में विक्रय करने की समझाईश दी गई ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं वन मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देश पर जिले सहित राज्य भर में 52 प्रकार के वनोपजों का समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है ताकि वनों में रहने वाले तथा वनाश्रित ग्रामों के निवासियों हेतु रोजगार के साथ आजीविका प्राप्त कराकर उनकी आय में विृद्धि की जा सके।


