कोण्डागांव

किसान मोर्चा की प्रथम परिचयात्मक जिला कार्यसमिति आयोजित
30-Aug-2021 1:02 PM
किसान मोर्चा की प्रथम परिचयात्मक जिला कार्यसमिति आयोजित

कोण्डागांव, 29 अगस्त। भाजपा किसान मोर्चा जिला कार्यसमिति की प्रथम परिचयात्मक बैठक जिला मुख्यालय के अटल सदन भाजपा कार्यालय मे आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंजोरी नेताम ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीर बदेशा, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा, महामंत्री तरुण साना और शहर मंडल अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह ठाकुर ने किसान नेताओं को संबोधित किया। परिचय उपरांत कार्यसमिति के उद्देश्य, आगामी रणनीति और उसकी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई ।

किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अंजोरी नेताम ने कहा कि, आज प्रदेश की कांग्रेस सरकार मे किसान दर दर की ठोकरें खा रहे है। अव्यवस्था और कालाबाजारी के फलस्वरूप खाद बीज की कमी, लो वोल्टेज का संकट सहित विभिन्न समयाओ का सामना करना पड़ा है। इस वर्ष के धान खरीदी में किसानों के हजारों किवंटल धान का रकबा कम कर दिया गया, साथ ही धान खरीदी के दौरान उन्हें एक-एक बारदाने के लिए मोहताज होना पड़ा। आगामी चुनाव में प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना है। 

किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन साहू ने कहा कि, सरकार ने किसानों के लिए कई लाभकारी योजनाएं चला रखी हैं जिनकी कई किसानों को जानकारी नहीं होने से वे इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। सरकार ने किसानों के हित में जो योजनाएं संचालित की है उनमें खेत से लेकर घर तक की व्यवस्था तक का उद्देश्य निहित है। फसल बीमा योजना, कृषि में मशीनीकरण, जैविक खेती, सॉइल हेल्थ कार्ड और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना इनमें प्रमुख योजनाएं हैं जो केंद्र सरकार के द्वारा चलाई जा रही है।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीर बदेशा ने किसानों की समस्याओं और उनके निराकरण पर बल दिया जाने की आवश्यकता के मद्देनजर केंद्र की योजनाओं को कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर घर पहुंचाने और मतदान केंद्रों तक किसान चौपाल आयोजित करने की बात कही जहां मतदाताओं के नाम जोडऩे का अभियान भी चलाया जाएगा।

जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा ने संगठन की मजबूती के टिप्स कार्यकर्ताओ को देते कहा कि कुछ विदेशी एजेंसियां और विरोधी दल किसानों का गुमराह कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं का दायित्व बढ़ जाता है। इसी कड़ी में महामंत्री तरुण साना ने कहा कि जब देश अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाए, तब तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र सरकार कृत संकल्पित है। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट