खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

तिहार बना जनता की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम-विक्रांत सिंह
18-May-2026 3:11 PM
तिहार बना जनता की  समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम-विक्रांत सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 18 मई। ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़ईटोला में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित होकर अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। शिविर स्थल पर पहुंचते ही श्री सिंह ने शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल एवं हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और आमजनता को दी जा रही योजनाओं की जानकारी के संबंध में फीडबैक लिया।

शिविर को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुशासन तिहार के तहत ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि तपती धूप में भी जिला प्रशासन द्वारा सीधे लोगों तक पहुंचकर योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जो सराहनीय पहल है।

उन्होंने आगे कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है, जिससे आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के तहत सामग्री का निशुल्क वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सदस्य भुनेश्वरी देवांगन, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टंकेश्वर प्रसाद साहू सहित शैलेन्द्र त्रिपाठी, मंजू चतुर्वेदी, डिलेश्वरी श्यामसुंदर साहू तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट