खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

महंगाई पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा
04-May-2026 8:34 PM
महंगाई पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा

खैरागढ़ में बाइक रैली निकालकर केंद्र के खिलाफ नारेबाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 4 मई। बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले रविवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शाम 5 बजे अंबेडकर चौक में कार्यकर्ता एकत्रित हुए जहां जिला अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली, जो अंबेडकर चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए इतवारी बाजार तक पहुंची।

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की इस दौरान जिला अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई चरम पर पहुंच गई है और आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। खासकर रसोई गैस के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और उग्र करेगी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन कार्यकर्ताओं में केंद्र सरकार के प्रति आक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कांग्रेस नेताओं ने गैस सिलेंडर के दामों में कमी और महंगाई पर नियंत्रण की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष कोमल साहू, महामंत्री आशोक साहू, सज्जाक खान, भीखम छाजेड़, आकाशदीप, शहर अध्यक्ष अरूण भारद्वाज, सुबोधकांत पांडे, मनोहर सेन, राजा सोलंकी, रविन्द्र सिंह गहरवार, देवेंद्र तोड़े, मधव बंजारे, हेम कल्याणी तोड़े, रानू खान, दयाराम पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट