खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 17 मई। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत छुईखदान के मंगल भवन में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित होकर अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह शामिल हुए। शिविर स्थल पर पहुंचते ही श्री सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल एवं हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
शिविर को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर शासन और जनता के बीच एक सेतु का कार्य कर रहे हैं, जहां आम नागरिक सीधे अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों को योजनाओं की सही जानकारी मिल रही है, जिससे पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाना संभव हो रहा है। शिविर के दौरान कई हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के तहत सामग्री का निशुल्क वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन एवं मंडल भाजपा अध्यक्ष भावेश कोचर ने भी संबोधित किया। उन्होंने शासन की योजनाओं की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ज्ञान यादव, पन्ना मंडावी, अनुभा जैन, संजू जैन, पंचम साहू, सुरेंद्र तिवारी, रामकुमार यादव, राजेन्द्र यादव, सीएमओ कुलदीप झा, तहसीलदार मोक्षदा देवांगन, बीएमओ डॉ. मनीष बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।


