खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

सही दवा, शुद्ध आहार अभियान शुरू, 15 दिन तक चलेगी सघन जांच
29-Apr-2026 3:23 PM
सही दवा, शुद्ध आहार अभियान शुरू, 15 दिन तक चलेगी सघन जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 29 अप्रैल। प्रदेश में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान प्रारंभ किया गया है। ‘सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान में जिले भर में व्यापक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों, मेडिकल स्टोर्स एवं अन्य संबंधित स्थानों पर जांच कर नमूने लिए जाएंगे। मिलावटी खाद्य पदार्थों और नकली दवाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग, पौष्टिक आहार अपनाने एवं प्रमाणित दवाओं के सेवन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह अभियान कलेक्टर के मार्गदर्शन में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित होगा। इसमें अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, औषधि निरीक्षक के साथ राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम भी शामिल रहेगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मिलावटी खाद्य पदार्थों एवं संदिग्ध दवाओं की जानकारी संबंधित विभाग को दें और केवल प्रमाणित उत्पादों का ही उपयोग करें।


अन्य पोस्ट