खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 27 फरवरी। इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के मुख्य आतिथ्य में ‘श्रुति मंडल’ का आयोजन संपन्न हुआ। यह संगीतमय संध्या भारत के स्वतंत्रता-पूर्व युग के विलक्षण गज़़ल एवं गीत गायक मास्टर मदन को समर्पित रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मास्टर मदन के संक्षिप्त किंतु प्रभावशाली जीवन-वृत्त पर प्रकाश डालते हुए किया गया। उनके अद्वितीय गायन कौशल और अल्पायु में संगीत जगत को दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में प्रथम प्रस्तुति कथक नृत्य की रही, जिसे साराक्षी सक्सेना ने भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। संगत में शफीक हुसैन सारंगी विवेक देशंमुख रोशन साहू गायनएवं मौलश्री सिंह पढ़ंत की सशक्त सहभागिता रही। द्वितीय प्रस्तुति भरतनाट्यम नृत्य की रही जिसे शोधार्थी बिन्दु नायर ने उत्कृष्ट अभिव्यक्ति और सधी हुई मुद्राओं के साथ प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरी। तृतीय प्रस्तुति ओडि़सी नृत्य पर आधारित नृत्य-नाटिका ‘श्री कृष्णा तुभ्यं नम:’ की रही। इसका निर्देशन ओडि़सी विभाग के सहायक प्राध्यापक सुशांत कुमार दास ने किया। इस प्रस्तुति में सुशांत कुमार दास, पूनम गुप्ता, हिमानी सारथी, अनन्या इक्का, दुर्गेश्वरी पाल, सुधा योजन, जया निर्मलकर, प्रज्ञा प्रसाद एवं हिना दास ने सामूहिक रूप से मनोहारी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति सुगम संगीत की रही जिसे संगीत संकाय के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. नमन दत्त ने प्रस्तुत किया। संगत में डॉ. शिवनारायण मोरे तबला सुगम शिवाले हारमोनियम एवं चिन्मय निषाद गिटार उपस्थित रहे। उनकी प्रस्तुति ने सभागार को संगीतमय भाव से सराबोर कर दिया। सभी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कलाकारों को भरपूर तालियां मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपतिय प्रो.डॉ. लवली शर्मा ने कहा कि ‘श्रुति मंडल’ जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि जिस उत्साह और समर्पण के साथ वे कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया तथा इस सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन प्रियांशु पाण्डेय ने किया, वहीं श्रद्धा-सुमन वाचन गुंजन बडग़े द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव वेंकट रमन गुड़े, श्रुति मंडल समिति की संयोजक डॉ. दीपशिखा पटेल, सदस्यगण डॉ. दिवाकर कश्यप व डॉ. हरिओम हरि सहित शिक्षकगण व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।


