खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

अमीन भर्ती परीक्षा 7 को
04-Dec-2025 3:51 PM
अमीन भर्ती  परीक्षा  7 को

 खैरागढ़, 4 दिसंबर। जल संसाधन विभाग अंतर्गत आयोजित अमीन भर्ती परीक्षा 2025 के लिए व्यापम ने अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह परीक्षा 7 दिसंबर को राज्य के 16 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 2 लाख 30 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा भले ही 16 जिलों में हो रही है, लेकिन इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। व्यापम के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य करना चाहिए, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा दोपहर 12 बजे प्रारंभ होगी और केंद्र का मुख्य द्वार 11:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, जिससे फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।

 

अभ्यर्थियों के पहनावे को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने की अनुमति है, जबकि काला, गहरा नीला, मैरून, बैंगनी, जामुनी, गहरा हरा और चॉकलेटी गहरे रंगों का उपयोग वर्जित रहेगा। बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति रहेगी, जिसे सुरक्षा जांच के समय उतारकर जांच करानी होगी। धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान धारण करने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल की अनुमति दी गई है और कानों में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना निषेध है।

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी जैसी वस्तुओं को लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता समाप्त करने की कठोर कार्यवाही का प्रावधान रखा गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा में केवल नीले या काले बॉल प्वॉइंट पेन का उपयोग करने की अनुमति दी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय के भीतर परीक्षा केंद्र पहुंचकर नियमों के अनुरूप परीक्षा में सम्मिलित हों।


अन्य पोस्ट