खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

दवा आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ बनाने फार्मासिस्ट प्रभारियों की प्रशिक्षण सह कार्यशाला
01-Dec-2025 3:09 PM
दवा आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ बनाने फार्मासिस्ट प्रभारियों की प्रशिक्षण सह कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 1 दिसंबर। जिले में दवा आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के सभा कक्ष में फार्मासिस्ट प्रभारियों के लिए ‘सप्लाई चेन मैनेजमेंट’  विषय पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने की।

 

जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आए फार्मासिस्ट प्रभारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दवा आपूर्ति प्रक्रिया को बेहतर बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन चर्चा की। कार्यशाला में प्रभावी स्टॉक प्रबंधन, भंडारण के मानक, सुरक्षा उपाय सिद्धांतों का सही उपयोग, ऑनलाइन इंडेंटिंग की प्रक्रिया तथा दवा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे विषयों को विस्तार से समझाया गया। प्रतिभागियों को समयबद्ध एवं आवश्यकता आधारित आपूर्ति की अनिवार्यता पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान डॉ. आशीष शर्मा ने फार्मासिस्ट प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने संस्थानों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्टॉक की समीक्षा करें, समय पर मांग पत्र भेजें और यदि किसी प्रकार की समस्या या कमी उत्पन्न हो तो तुरंत उच्च कार्यालय को अवगत कराएँ। उन्होंने कहा कि दवा आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती सीधे रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को प्रभावित करती है, इसलिए जिम्मेदार अधिकारी अधिक सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। कार्यशाला के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने अपनी शंकाएँ रखीं, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में दवा आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावशाली बनाना था, जिसे प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सोनल ध्रुव, जिला स्टोर प्रभारी डॉ. बोधन सिंह परते, प्रभारी जिला स्टोर फार्मासिस्ट  ग्रिजेश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट