खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

विक्रांत की मांग पर केसीजी जिले में महतारी सदन निर्माण की मिली मंजूरी
23-Aug-2025 6:01 PM
विक्रांत की मांग पर केसीजी जिले में महतारी सदन निर्माण की मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 23 अगस्त। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति केसीजी जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की पहल पर मिली है।

खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम अकरजन और छुईखदान ब्लॉक के ग्राम बुंदेली में महतारी सदन के निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है। इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने की। स्वीकृति के साथ ही क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इससे पहले भी छुईखदान ब्लॉक के ग्राम खैरबना में महतारी सदन निर्माण की मंजूरी मिल चुकी थी। अब नए दो सदनों के निर्माण के लिए लगभग 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन भवनों के बन जाने से महिला समूहों को अपने कार्यों के लिए सशक्त मंच उपलब्ध होगा।

स्थानीय महिलाओं के लिए महतारी सदन एक बहुउपयोगी स्थल के रूप में कार्य करेगा। यहां न केवल समूह बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे, बल्कि महिला स्व-सहायता समूहों को अपने आर्थिक एवं सामाजिक कार्यों को गति देने का अवसर भी मिलेगा।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार में सभी वर्गों के उत्थान के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है और अब महतारी सदन के निर्माण से उन्हें एक स्थायी मंच भी मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सिंह ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया और कहा कि भाजपा सरकार में ग्रामीण विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

महतारी सदन निर्माण की इस स्वीकृति से क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा सहयोग मिलेगा। साथ ही यह पहल ग्रामीण समाज में महिला नेतृत्व को और मजबूत करेगी।


अन्य पोस्ट