खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

1008 पार्थिव शिवलिंग का महा रुद्राभिषेक रविवार को
08-Feb-2025 2:35 PM
  1008 पार्थिव शिवलिंग का महा रुद्राभिषेक रविवार को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 8 फरवरी। महा रुद्राभिषेक के लिए संगीत नगरी खैरागढ़ एक बार फिर से भोलेनाथ की भक्ति में डूबने को तैयार है। शहर के ऐतिहासिक फतेह मैदान में रविवार शाम को लगातार तीसरे वर्ष 1008 पार्थिव शिवलिंग के महारूद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जा रहा है।  यह आयोजन श्रीराम गौसेवा समिति, जय जगन्नाथ सेवा समिति, और राजपरिवार दुर्गाउत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर सहित प्रदेशभर से हजारों शिवभक्त अपने परिजनों संग शामिल होंगे। शहरभर में इसकी तैयारियाँ जोरों पर हैं, और फतेह मैदान का मुख्य प्रवेश द्वार इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पिछले दो वर्षों में हुए महारूद्राभिषेक ने न केवल स्थानीय बल्कि प्रदेशभर में प्रसिद्धि हासिल की है। इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में भाग लेकर शिवभक्ति की मिसाल पेश करेंगे।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा किट, जल, बेलपत्र और अभिषेक की सामग्री का प्रबंध किया है  फतेह मैदान में होने वाले महारूद्राभिषेक के लिए छुईखदान के कुम्हार परिवारों द्वारा 1008 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। ये परिवार वर्षों से इस धार्मिक आयोजन के लिए पार्थिव शिवलिंग निर्माण की परंपरा निभा रहे हैं। पूरे आयोजन को विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए बिलासपुर के प्रसिद्ध पंडित सृजन महाराज पधारेंगे। वे अपने मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रूद्राभिषेक संपन्न कराएँगे। प्रत्येक पार्थिव शिवलिंग के अभिषेक में अधिकतम पाँच श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे। महारूद्राभिषेक के दौरान संगीत नगरी पूरी तरह शिवमय वातावरण में रंग जाएगी। आयोजन के अंतर्गत कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें भजन संध्या, शिव महिमा पर प्रवचन, और विशेष आरती का आयोजन शामिल है। शहरभर के शिवभक्त इस आयोजन के लिए विशेष तैयारियाँ कर रहे हैं। कई परिवार रुद्राभिषेक के लिए संकल्प ले चुके हैं और आयोजन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए जल सेवा, प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। रविवार को होने वाले इस ऐतिहासिक महारूद्राभिषेक के लिए संगीत नगरी खैरागढ़ पूरी तरह से शिवमय हो उठेगी और हजारों श्रद्धालु भोलेनाथ की भक्ति में लीन होकर इस पावन अवसर का लाभ उठाएँगे। पूरे संगीत नगरी शिव भक्ति में  नजर आ रहा है।


अन्य पोस्ट