खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 7 दिसंबर। संगीत नगरी खैरागढ़ में गायत्री परिवार द्वारा आयोजित 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ 8 दिसंबर रविवार से प्रारंभ होगा। उक्त आयोजन राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकी है। जनकल्याण की भावना से किए जा रहे 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ 8 दिसंबर से 11 दिसंबर तक आयोजित है।
इस अनुष्ठान का आयोजन आम जनता के सहयोग से किया जा रहा है। महायज्ञ में लगभग 1 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन हेतु श्रद्धालुओं से दान स्वरूप राशि व अनाज आदि एकत्रित किए जा रहे हैं। गायत्री परिवार के लोगों ने बताया कि इस यज्ञ के प्रचार प्रसार में 70 से अधिक महिला पुरुष लगे हुए हैं वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्र के द्वारा गांव-गांव में पहुंचकर आयोजन की जानकारी दी जा रही है।
गायत्री परिवार से प्राप्त जानकारी अनुसार चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ में प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय के आने की भी संभावना है उनके साथ ही प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधियों की भी पहुंचने की संभावना है। आज से हम11 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस यज्ञ में विभिन्न संस्कार जैसे मुंडन नामकरण यज्ञोपवीत विवाह आदि भी संस्कार संपन्न किए जाएंगे।