खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 2 अगस्त। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य व खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के शैडो विधायक विक्रांत सिंह लगातार खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के आमजनता के समस्याओं को लेकर निरन्तर सम्पर्क कर रहे है। जिसके चलते आमजन सीधे उनके पास अपनी समस्याओं को लेकर पहुँच रहे हैं व अपनी समस्याओं से सिंह को अवगत करा रहे हैं।
छुईखदान ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले डुमरिया गाँव के किसानों ने सिंह के पास पहुँचकर अपनी समस्याओं से सिंह को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया जिसमें किसानों ने बताया है कि डुमरिया बांध फूटने से कई किसानों के फसल बर्बाद हुआ है, लेकिन पटवारी ने सही आकलन नहीं किया व मुआवजा राशि का प्रकरण नहीं बनाया किसानों ने यह भी बताया कि राजस्व विभाग के द्वारा सही आकलन नहीं किया गया, जिससे फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को नहीं मिला है किसानों ने सिंह को पुन: बांध प्रभावित स्थल का मुआयना कराने की मांग रखी। जिस पर सिंह ने दूरभाष के माध्यम से छुईखदान अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिया कि पटवारी को भेजकर सही आकलन किया जाए। यदि फसल खराब हुई है तो मुआवजा प्रकरण बनाने की बात कही। जिस पर ग्रामीणों ने सिंह का आभार जताया। इस दौरान डोमार जंघेल, चुम्मन जंघेल, जगतु सिन्हा, जगदीश सिन्हा, ईश्वर सिन्हा, मोहित सिन्हा, बिशम्भर सिन्हा, जगत सिन्हा, जीवन सिन्हा, चैनसिंह मेरावी, डोमार वर्मा, भागवत सिन्हा, राजबाई सेन, कुमारी सिन्हा सहित ग्रामीण उपस्थित थे।


