कवर्धा
बोरी में डालकर फेंकी लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 31 मई। कबीरधाम जिले के थाना बोड़ला अंतर्गत चौकी पौड़ी क्षेत्र के बैहरसरी निवासी युवक की हत्या में कबीरधाम पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कोमल वर्मा निवासी बैहरसरी का शव थाना पांडातराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोंढा में बोरी के भीतर बरामद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
कोमल वर्मा 28 मई को अपने घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा अगले दिन गुम इंसान दर्ज कराया गया, जिसके पश्चात कबीरधाम पुलिस द्वारा तत्काल पतासाजी प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मृतक की अंतिम लोकेशन एवं कॉल डिटेल का विश्लेषण किया गया, जिसमें मंदाकिनी वर्मा से संपर्क होना पाया गया।
प्रकरण में आरोपी महिला मंदाकिनी वर्मा से पूछताछ करने पर बताया कि कोमल वर्मा उसे अश्लील वीडियो के माध्यम से लगातार ब्लैकमेल करता था तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाता था।
आरोपी महिला के अनुसार घटना दिनांक की रात्रि मृतक द्वारा पुन: उससे संपर्क कर संबंध बनाने का दबाव बनाया गया, जिससे परेशान होकर उसने उसे अपने घर बुलाया। घर पहुंचने पर घर निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले सरिया मोडऩे के बड़े पाना से उस पर प्रहार किया गया। घटना के दौरान महिला का पति रामस्नेही वर्मा जाग गया और उसे घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद रामस्नेही वर्मा एवं मंदाकिनी वर्मा द्वारा मिलकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के पश्चात शव को घर में छिपाकर रखा गया तथा अगले दिन रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई रूपेश वर्मा के साथ मिलकर शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर के माध्यम से थाना पांडातराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोंढा ले जाकर ठिकाने लगा दिया।
मामले में आरोपियों रामस्नेही वर्मा, मंदाकिनी वर्मा, रूपेश वर्मा तीनों निवासी बैहरसरी, चौकी पौड़ी थाना बोड़ला जिला कबीरधाम को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण में धारा 103(1), 238(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


