कवर्धा

हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी का खुलासा, 3 गिरफ्तार
19-Apr-2026 5:13 PM
हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी का खुलासा, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कबीरधाम, 19 अप्रैल।
थाना कोतवाली कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत फुलवारी परिसर स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकुट भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया में मंदिर स्थित भगवान हनुमान की मूर्ति के खंडित होने संबंधी जानकारी प्रसारित की जा रही थी, जो जांच में गलत पाई गई। मंदिर के पुजारी के अनुसार मूर्ति सुरक्षित है और उसे कोई क्षति नहीं पहुंची है।
पुजारी ने बताया कि महाशिवरात्रि के आसपास मंदिर में स्थापित प्रतिमा से चांदी का मुकुट चोरी हुआ था, जिसकी जानकारी बाद में मिली। इस संबंध में 15 अप्रैल को थाना कोतवाली कवर्धा में धारा 303(2) और 305(घ) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने योगेश दुबे उर्फ मोनू दुबे उमरिया, थाना बेमेतरा (वर्तमान पता राजमहल कॉलोनी, कवर्धा), देवी मिश्रा निवासी राजमहल कॉलोनी कवर्धा तथा मनीन्द्र सोनी  निवासी कचहरी पारा कवर्धा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में योगेश दुबे ने मुकुट चोरी करना स्वीकार किया, जिसमें देवी मिश्रा ने सहयोग किया। चोरी किया गया मुकुट मनीन्द्र सोनी को लगभग 1800 रुपये में बेचा गया था। जांच में सामने आया कि सोनी ने चांदी को गलाकर नया मुकुट तैयार कर लिया था, जिसे पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद किया।
18 अप्रैल को आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण कराया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने स्वर्ण-रजत व्यवसायियों से बिना वैध दस्तावेज के आभूषणों की खरीद-फरोख्त न करने की अपील की है। साथ ही, अपुष्ट जानकारी प्रसारित न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है।


अन्य पोस्ट