कवर्धा
पंडरिया विधायक ने जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 2 अप्रैल। बजट 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा पंडरिया विधानसभा में 3 बहुप्रतीक्षित सडक़ निर्माण व मजबूतीकरण हेतु 14 करोड़ 14 लाख 35 हजार की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। इन सडक़ों के निर्माण से ग्राम डेंगुरु जाम, टेडापानी, अमनिया, भगतपुर, घोघरा, महली और नानापुरी सहित आस-पास के ग्रामवासियों को लाभ मिलेगा।
इन सडक़ निर्माण कार्यों हेतु स्वीकृति प्रदान करने के लिए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक ग्राम तक सुरक्षित, सुदृढ़ और सर्व मौसम सडक़ संपर्क सुनिश्चित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और जन-कल्याण को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाए। बारहमासी सडक़ संपर्क से इन बसावटों को बाज़ार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पोषण, आपदा प्रबंधन और दैनिक आवागमन में व्यापक सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी, ग्रामीण आजीविका में वृद्धि और जन-कल्याणकारी सेवाओं तक सुगम पहुँच सुनिश्चित होगी। पंडरिया में सडक़ विस्तार केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि विकास की एक व्यापक सोच का हिस्सा है। यह कार्य ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोडऩे का मजबूत माध्यम बनेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आज इसी सोच और जनविश्वास से पंडरिया विधानसभा में लगभग 500 किलोमीटर के सडक़ निर्माण कार्य क्षेत्र की तस्वीर बदल रहें हैं और आमजनों को सुविधा उपलब्ध करा रहें हैं।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जिस प्रकार पंडरिया विधानसभा को विकास से कोसो दूर रखा गया जनता को उपेक्षित किया गया और विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार हुए आज सुशासन की भाजपा सरकार में वही पंडरिया निरन्तर विकास के नए अध्याय लिख रहा है। जनता की मूलभूत व बहुप्रतीक्षित मांगे पूरी हो रही हैं सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है, 300 करोड़ से अधिक की सिंचाई परियोजनाओं से किसानों के खेत और जनता के घरों तक पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति हो रही है। पुल-पुलिया निर्माण से अब बारह महीने सडक़ कनेक्टिविटी की सुविधा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही है। स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में शहरों के तर्ज पर विकास हो रहें हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नालंदा लाइब्रेरी परिसर की स्वीकृति, व्यावसायिक परिसर,मिनी स्टेडियम, नवीन महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उप स्वास्थ्य केंद्र में उन्ननयन, पांडातराई एवं पंडरिया बाइपास, ऐसे कई कार्य व अधोसंरचना निर्माण से हमारा पंडरिया विधानसभा आज एक आदर्श विधानसभा के रूप में अपनी विशेष पहचान स्थापित कर रहा है।


