कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 23 मार्च। जिला कांग्रेस कमेटी कवर्धा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 27 मंडलों में प्रभारी एवं सह प्रभारी की संशोधित सूची जारी कर दी है। यह आदेश समिति के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के हस्ताक्षर से 23 मार्च को जारी हुआ है।
बताया गया कि यह नियुक्तियां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई हैं। संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर तक पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से यह कवायद की गई है।
सूची के अनुसार कुई, पंडरिया शहर व ग्रामीण, पांडातराई, दामापुर, बोड़ला महादेव, कैलाश नगर, रेंगाखार, राजनांदगांव समेत कुल 27 मंडलों में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक मंडल में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त कर सीधे संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी का जिम्मा दिया गया है।
जमीनी मजबूती पर फोकस
कांग्रेस का यह कदम आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए अहम माना जा रहा है। संगठन अब बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पकड़ मजबूत की जा सके।
नियुक्ति सूची जारी होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं नव-नियुक्त पदाधिकारियों के सामने संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने की चुनौती भी रहेगी।


