कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 12 मार्च। बंसापुर-धैराबंद-प्रराणखैरा सडक़ निर्माण कार्य में देरी और काम बंद होने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पंडरिया स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय पहुंचकर घेराव करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग और पंडरिया विधायक भावना बोहरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक के निर्देश पर सडक़ निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। हालांकि बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बंसापुर, धैराबंद और प्रराणखैरा गांव के लोगों को सडक़ नहीं होने के कारण रोजमर्रा के कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक सडक़ निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।

इस संबंध में जब पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय प्रक्रिया और तकनीकी कारणों का हवाला दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामला प्रक्रिया में है, लेकिन सडक़ निर्माण दोबारा कब शुरू होगा, इसकी कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई।
इधर, आंदोलनरत ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सडक़ निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि चाहे पूरी रात वहीं क्यों न बितानी पड़े, लेकिन सडक़ निर्माण शुरू होने का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।


