कवर्धा
बोड़ला, 5 मार्च। कबीरधाम जिले के बोड़ला नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में होली का पर्व शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। पर्व को देखते हुए बोड़ला पुलिस द्वारा पहले से ही चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने नगर में फ्लैग मार्च निकालकर हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया था कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख्ती और निगरानी के कारण पूरे क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। हालांकि कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाएं सामने आईं, लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
वहीं इस बार चंद्रग्रहण के कारण होली के उत्साह पर थोड़ा असर भी देखने को मिला। ग्रहण को देखते हुए कई लोगों ने परंपरा के अनुसार होली खेलने में एक दिन का अंतर रखा और दूसरे दिन रंग-गुलाल के साथ होली मनाई।
कुल मिलाकर बोड़ला क्षेत्र में होली का पर्व शांति, सद्भाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।


