कवर्धा

मवेशी तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार, 13 मवेशी मुक्त
18-Feb-2026 4:03 PM
 मवेशी तस्करी,  दो आरोपी गिरफ्तार, 13 मवेशी मुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 18 फरवरी। कबीरधाम जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना बोड़ला एवं चौकी बैजलपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने 13 मवेशियों को मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 11 भैंसा एवं 2 भैंसी (कुल 13 ) बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में 17 फरवरी को कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति मवेशियों को रस्सियों से बांधकर, बिना चारा-पानी के पैदल बोड़ला की ओर ले जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ संदिग्ध फरार हो गए, जबकि मौके पर दो व्यक्तियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोभाराम बंजारे एवं दिलीप बंजारे  निवासी ग्राम मुडिय़ापारा, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अन्य साथियों के साथ आसपास के गांवों से मवेशी एकत्र कर उन्हें मध्यप्रदेश की ओर ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण

बरामद मवेशियों को थाना लाकर पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट