कवर्धा

प्रमुख बाजारों, पान ठेलों और दुकानों की जांच, प्रतिबंधित नशीली सामान जब्त
09-Feb-2026 5:28 PM
प्रमुख बाजारों, पान ठेलों और दुकानों की जांच, प्रतिबंधित नशीली सामान जब्त

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 9 फरवरी।
कबीरधाम पुलिस ने कवर्धा शहर में गोगो पेपर सहित प्रतिबंधित नशीली सामग्री की बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, पान ठेलों और दुकानों में जांच की गई तथा प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर उसे जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य शहर में प्रतिबंधित नशीली सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना और युवाओं को नशे से दूर रखना है।
इस अभियान के तहत डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के नेतृत्व में थाना प्रभारी योगेश कश्यप और पुलिस टीम द्वारा कवर्धा शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों, पान ठेलों, किराना दुकानों और अस्थायी ठेलों में जांच की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली।

जांच के दौरान कुछ दुकानों और ठेलों से गोगो पेपर तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने की जानकारी पुलिस द्वारा दी गई। पुलिस ने इन सामग्रियों को जब्त कर संबंधित दुकानदारों को थाना लाया। पुलिस के अनुसार दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी कृष्णा चंद्राकर ने कहा कि कबीरधाम पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।


अन्य पोस्ट