कवर्धा

धान खरीदी में अव्यवस्था, कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव, तिथि बढ़ाने की मांग
30-Jan-2026 4:28 PM
 धान खरीदी में अव्यवस्था, कांग्रेस का कलेक्टोरेट घेराव, तिथि बढ़ाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 30 जनवरी। कबीरधाम जिले में धान खरीदी को लेकर उत्पन्न स्थिति के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कवर्धा में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर धान खरीदी की तिथि बढ़ाने तथा शेष किसानों की धान खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि धान खरीदी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष हैं, जबकि उनके अनुसार जिले में अब भी बड़ी संख्या में किसानों की धान की खरीदी नहीं हो पाई है। उन्होंने इसे प्रशासनिक व्यवस्था की कमी बताते हुए कहा कि टोकन की उपलब्धता, खरीदी सीमा और प्रक्रिया की गति को लेकर किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

नवीन जायसवाल ने कहा कि कई किसानों के टोकन अब तक नहीं कट पाए हैं, जिससे वे अपनी उपज बेचने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते धान खरीदी की तिथि नहीं बढ़ाई गई और शेष किसानों की खरीदी सुनिश्चित नहीं की गई, तो इसके लिए शासन जिम्मेदार होगा।

किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने कहा कि धान खरीदी की गति धीमी होने के कारण किसानों में चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों ने फसल तैयार करने में खर्च किया है और खरीदी में देरी से आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

युवा नेता मनीष शर्मा ने कहा कि सरकारी दावों और जमीनी स्थिति में अंतर है। उनके अनुसार कई किसान अभी भी धान बेचने से वंचित हैं। वहीं युवा नेता तुकाराम चंद्रवंशी ने कहा कि खरीदी में देरी से किसानों को मानसिक और आर्थिक परेशानी हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार करना पड़ेगा।

 अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि यदि जिला प्रशासन और राज्य सरकार ने धान खरीदी की तिथि बढ़ाकर सभी किसानों की धान खरीदी सुनिश्चित नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी आगे आंदोलन करेगी।

इस दौरान लालजी चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव वीरेंद्र जांगड़े, महिला जिला अध्यक्ष सीमा अनंत, महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष छबिलाल वर्मा सहित जिला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट