कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 5 जनवरी। कबीरधाम जिले के थाना पाण्डातराई क्षेत्र में मवेशी चोरी और मवेशियों के अवैध परिवहन के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों और दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(क), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी को रोहित यादव, निवासी ग्राम डोंगरिया कला, ने थाना पाण्डातराई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जनवरी की रात उनके घर के कोठा में बंधा एक भैंसा चोरी हो गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कथित तौर पर चोरी किए गए भैंसे सहित अन्य मवेशियों को ग्राम डोंगरिया कला से खरहट्टा कला की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम प्रार्थी और गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, ग्राम डोंगरिया कला के बगीचे के पास प्रार्थी ने एक मवेशी को अपना बताया।
पुलिस ने मौके से किशन कुमार डाहिरे और विजय कुमार टंडन, दोनों निवासी ग्राम कुई, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम, तथा दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक भैंसा चोरी कर ले जाने और अन्य मवेशियों के साथ उन्हें पैदल ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मवेशियों के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस ने कुल 21 मवेशियों को जब्त किया, जिनमें एक कथित चोरी किया गया भैंसा भी शामिल है। पुलिस का दावा है कि जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार, मामले में दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल कवर्धा भेज दिया गया। वहीं, दो नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।