कवर्धा

सनातन संस्कृति के संरक्षण का मंच बनेगा हिंदू संगम - विजय शर्मा
28-Dec-2025 4:00 PM
सनातन संस्कृति के संरक्षण का मंच बनेगा हिंदू संगम - विजय शर्मा

गृह मंत्री ने लिया हिंदू संगम की तैयारियों का जायजा

बोड़ला  में 13 से 18 जनवरी तक  विविध सम्मेलन, सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 28 दिसंबर। नगर पंचायत बोड़ला में आगामी 13  से 18 जनवरी तक आयोजित होने वाले हिंदू संगम - सनातन संगम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के गृह मंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने हिंदू संगम स्थल का दौरा कर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन समिति से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर हिंदू संगम के संयोजक दुर्गेश वर्मा, लवकेश गुप्ता, सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने मंच व्यवस्था, आवास, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और जनसुविधाओं से संबंधित तैयारियों की जानकारी गृह मंत्री को दी।

 पूर्व पार्षद व भारतीय जनता पार्टी के नेता लवकेश गुप्ता ने बताया कि छह दिनों तक समाज के हर वर्ग के लिए अलग-अलग सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

 हिंदू संगम के अंतर्गत समाज के विभिन्न वर्गों को जोडऩे के उद्देश्य से प्रतिदिन विशेष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे—13 जनवरी - मातृ शक्ति सम्मेलन,14 जनवरी - परिवार सम्मेलन,15 जनवरी - बैगा-गुनिया सम्मेलन,16 जनवरी - पुजारी सम्मान समारोह,17 जनवरी - युवा सम्मेलन,18 जनवरी - समापन अवसर पर हिंदू संगम सनातन संगम इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण, आदिवासी एवं शहरी समाज को सनातन परंपराओं, संस्कृति और मूल्यों से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। 1 से 7 जनवरी तक निकलेगी संत यात्रा

आयोजन समिति के दुर्गेश वर्मा ने जानकारी दी कि हिंदू संगम से पूर्व 1 जनवरी से 7 जनवरी तक क्षेत्र में संत यात्रा का आयोजन किया जाएगा। संत यात्रा के माध्यम से गांव-गांव जाकर धर्म, संस्कृति, सामाजिक एकता और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। इससे ग्रामीण अंचलों में धार्मिक जागरूकता और सहभागिता बढऩे की उम्मीद है।

 

मंत्रिमंडल को भेजा गया निमंत्रण

आयोजन समिति द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के समस्त मंत्रिमंडल सदस्यों को हिंदू संगम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। गृह मंत्री विजय शर्मा के माध्यम से शासन स्तर पर सहयोग और सहभागिता को लेकर चर्चा भी की गई।

गृह मंत्री विजय शर्मा का बयान

तैयारियों का अवलोकन करने के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा—हिंदू संगम सनातन धर्म की रक्षा, एकता और उसके प्रचार-प्रसार का एक सशक्त मंच है। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। शासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से इस आयोजन को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने आयोजन को अनुशासित, शांतिपूर्ण और व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाने की अपील की।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उत्साह

हिंदू संगम को लेकर बोड़ला नगर सहित आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति द्वारा स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


अन्य पोस्ट