कवर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 20 दिसम्बर। कवर्धा वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र सहसपुर लोहारा के वृत्त सोनझरी परिसर के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 292 में एक तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा, जब्ती तथा अन्य विधिसम्मत कार्यवाहियां की गईं। साथ ही परिक्षेत्र सहायक सहित 2 को निलंबित किया गया है। वहीं जांच की जा रही है।
इस संबंध में वन विभाग द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21608/02 दिनांक 14.12.2025 पंजीबद्ध किया गया है।
जांच के तहत डॉग स्क्वॉड टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रशिक्षित श्वान की निशानदेही पर घटनास्थल से लगभग 400-500 मीटर की दूरी पर स्थित दो मकानों से कुल 21.300 किलोग्राम जी.आई. तार जब्त किया गया है। विभाग के अनुसार यह सामग्री वन्यजीव शिकार में प्रयुक्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त मृत तेंदुए के सिर का सड़ा हुआ भाग, रीढ़ की हड्डी, पैर एवं पूंछ जब्त कर वैज्ञानिक परीक्षण एवं आगे की जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
प्रकरण से संबंधित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान विभागीय दायित्वों की समीक्षा करते हुए परिसर रक्षक मोतिमपुर शिव साहू को निलंबित किया गया है। वहीं परिक्षेत्र सहायक अमित कुमार ध्रुव को मुख्य वन संरक्षक (क्षेत्रीय), दुर्ग वृत्त, दुर्ग द्वारा निलंबित किया गया है।
आरोपियों की पहचान एवं जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया है। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक, जिला कबीरधाम को टावर डंप डाटा प्राप्त करने हेतु पत्र प्रेषित किया गया है।
वन विभाग द्वारा बताया गया कि मामले की जांच जारी है और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानूनों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


