कवर्धा

8 साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा , 2 आरोपी गिरफ्तार
16-Dec-2025 8:56 PM
8 साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा , 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 16 दिसंबर।
कबीरधाम पुलिस ने वर्ष 2017 में दर्ज एक हत्या प्रकरण में 2 आरोपी की गिरफ्तारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार यह मामला लंबे समय तक अनसुलझा रहा था, जिसे वर्ष 2025 में पुन: विवेचना में लेकर कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, 17 मई 2017 को थाना कुकदूर क्षेत्र के ग्राम अमनिया निवासी 14 वर्षीय बालिका राजबाई गोड़ का शव कोलिहामाड़ा नाला के पास भेलवा पेड़ पर उसकी चुनरी से लटका हुआ पाया गया था। इस संबंध में मर्ग क्रमांक 11/2017 धारा 174 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत कार्रवाई कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण गला दबने से दम घुटना बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने इसे आत्महत्या नहीं मानते हुए हत्या का मामला मानकर 27 मई 2017 को अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 302 एवं 201 भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार यह प्रकरण कई वर्षों तक अनसुलझा रहा। वर्ष 2025 में पुराने मामलों की समीक्षा के दौरान इसे पुन: विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान संदेहियों की पहचान, निगरानी तथा पूछताछ की गई।

इसी दौरान साक्षी लक्ष्मण टेकाम, निवासी ग्राम नेउर द्वारा घटना से संबंधित जानकारी दी गई, जिसे पुलिस के अनुसार उसने पूर्व में भय के कारण साझा नहीं किया था। साक्षी का कथन न्यायालय में धारा 164 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत दर्ज कराया गया।

पुलिस के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रमला उर्फ राम धुर्वे से पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा यह बताया गया कि दयाल उर्फ दयालाल बैगा द्वारा बालिका की गला दबाकर हत्या की गई तथा दोनों ने मिलकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को उसकी चुनरी से पेड़ पर लटकाया।

इसके आधार पर दयाल उर्फ दयालाल बैगा ग्राम घोघरा, वर्तमान निवासी ग्राम हाथीबुड़ान, थाना कुकदूर को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि बीते एक वर्ष में जिले के 14 पुराने हत्या प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इनमें थाना कवर्धा क्षेत्र का डॉक्टर दंपति हत्या मामला सहित अन्य प्रकरण शामिल हैं।

इस प्रकरण की विवेचना थाना कुकदूर पुलिस द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में निरीक्षक संग्राम सिंह धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया।


अन्य पोस्ट