कवर्धा

कबीरधाम में 6776 क्विंटल अवैध धान जब्त, उपार्जन केंद्रों में खपाने की थी तैयारी
08-Dec-2025 4:16 PM
कबीरधाम में 6776 क्विंटल अवैध धान जब्त, उपार्जन केंद्रों में खपाने की थी तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 8 दिसंबर। कबीरधाम जिले में किसानों से धान खरीदी के बीच अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। धान खरीदी की शुरुआत से अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। अब तक जिले में कुल 6776 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। पकड़े गए धान की 31 सौ रूपये के हिसाब से कीमत 2.10 करोड़ रुपए से अधिक होती है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि इस धान को आगे उपार्जन केंद्रों में खपाने की तैयारी थी।

कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य और राजस्व विभाग की टीम द्वारा अवैध धान भंडारण और परिवहन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है। अब तक जिले के अलग अलग हिस्सों में अवैध भंडारण और परिवहन के मामलों में कार्रवाई करते हुए धान जप्त किया गया है।   इन घटनाओं में लिप्त वाहनों को भी जप्त किया गया है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध धान भंडारण और परिवहन के मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाए। वे नियमित रूप से इसकी समीक्षा कर रहे हैं।

 

गौरतलब है कि खरीदी केंद्रों में अवैध रूप से बिक्री के लिए आने वाले धान की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निगरानी तंत्र को मजबूत करने के साथ सीमावर्ती इलाकों में 24 चेकपोस्ट बनाकर वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से आने वाले धान के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। इस बीच जिले में सक्रिय कोचिए और ऐसे प्रतिष्ठान जहां धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने के लिए अवैध रूप से भंडारित कर के रखा गया है, उनका चिन्हांकन कर वहां जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा दबिश दी जा रही है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला प्रशासन की टीमों द्वारा अब तक 20 से अधिक राइस मिल का भौतिक सत्यापन कर स्टॉक वेरिफिकेशन किया गया है। 16 छोटे बड़े वाहनों को अवैध धान परिवहन में लिप्त पाए जाने पर धान सहित जप्त किया गया है। वहीं 10 दुकानों और 3 गोदामों में अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई की गई है।

खाद्य अधिकारी श्री सचिन मरकाम ने बताया कि अवैध धान के किसी भी प्रकार से आवक की संभावना को रोकने प्रशासनिक कार्रवाई जारी है। ताकि वास्तविक किसानों को शासन की धान खरीदी नीतियों का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि अवैध परिवहन, व्यापारिक प्रतिष्ठान, कोचियों और मिलर्स से अब तक जिले में 40 अलग अलग प्रकरणों में 6776 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है। जिसकी कीमत 31 सौ रूपये मूल्य के हिसाब से 2.10 करोड़ रुपए है।


अन्य पोस्ट