कवर्धा
कवर्धा, 23 अक्टूबर। कबीरधाम जिल के थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोढा में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पारिवारिक विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, परसुराम गेन्ड्रे (60 वर्ष) ने अपनी पत्नी अश्वनी बाई गेन्ड्रे पर सब्बल से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल कवर्धा ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को लेकर अपना जुर्म स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से प्रयुक्त सब्बल जब्त किया गया।
आरोपी को 22 अक्टूबर को दोपहर 2.50 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
पुलिस ने कहा कि घटना की विवेचना जारी है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।


