कवर्धा

जिलाध्यक्ष के लिए 20 से अधिक दावेदार संभावित
13-Oct-2025 8:26 PM
जिलाध्यक्ष के लिए 20 से अधिक दावेदार संभावित

एआईसीसी ने सांसद श्याम कुमार बर्वे को बनाया पर्यवेक्षक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बोड़ला, 13 अक्टूबर। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत कबीरधाम जिले में गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। जिले में जिला अध्यक्ष पद सहित विभिन्न पदों के लिए 20 से अधिक दावेदार सामने आने की संभावना है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने महाराष्ट्र से सांसद श्याम कुमार बर्वे को कबीरधाम जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वे 15 से 16 अक्टूबर तक जिले में रहकर अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इस दौरान वे जिले के सभी पाँच ब्लॉकों में जाकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से रायशुमारी करेंगे।

यह अभियान कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। पर्यवेक्षक के मार्गदर्शन में सक्रिय कार्यकर्ताओं, ब्लॉक, मंडल और जिला स्तर पर पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण और जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी चलेगी।

जिला अध्यक्ष चयन के लिए स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए रायशुमारी और ओपिनियन पोल बैठकों का आयोजन होगा। इच्छुक कार्यकर्ताओं को समर्थन पत्र और स्थानीय सदस्यों का समर्थन जुटाना होगा तथा पर्यवेक्षक द्वारा बुलाई जाने वाली बैठकों में उपस्थित रहना होगा।

कांग्रेस इस प्रक्रिया में युवा और महिला कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की योजना बना रही है ताकि नेतृत्व स्तर पर उनकी भागीदारी बढ़ सके।

यह चयन प्रक्रिया पारंपरिक चुनाव की तरह नहीं होगी, बल्कि मिश्रित प्रणाली पर आधारित होगी। इसमें स्थानीय रायशुमारी, पर्यवेक्षक की रिपोर्ट और राज्य व एआईसीसी की स्वीकृति के बाद अंतिम नियुक्तियाँ होंगी।

राष्ट्रीय स्तर पर संगठन सृजन के लिए प्रत्येक राज्य में प्रवक्ताओं और सह-प्रवक्ताओं की नियुक्ति की गई है, जो राज्यों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की इस प्रक्रिया में मदद करेंगे।


अन्य पोस्ट