कवर्धा
भाजयुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 10 अक्टूबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया के प्रथम कवर्धा दौरे के दौरान गुरुवार रात को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाकर विरोध किया। कांग्रेस का कहना है कि यह विरोध महिलाओं से जुड़े आरोपों को लेकर था।
कांग्रेस का कहना है कि यह विरोध लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा था, लेकिन उसी दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मारपीट और अभद्रता की। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाम को सिटी कोतवाली के सामने धरना दिया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
बताया जाता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ किनारे काला झंडा लेकर विरोध में खड़े थे। कांग्रेस का आरोप है कि राहुल टिकरिया के काफिले के साथ आए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों से भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई। कांग्रेस का कहना है कि पुलिस कर्मी पूरी घटना में मूकदर्शक बने रहे।

कांग्रेस के आरोप
राहुल टिकरिया पर महिलाओं से जुड़े दो आरोप पहले से हैं, इन्हीं को लेकर विरोध किया जा रहा था। कांग्रेस का कहना है कि विरोध का जवाब हिंसा से देना भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ‘गुंडागर्दी’ को दर्शाता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेताओं की भूमिका संदिग्ध है।
कांग्रेस ने विधायक और गृहमंत्री विजय शर्मा पर आरोप लगाया कि उनकी मौन सहमति और संरक्षण के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। कांग्रेस ने कहा कि गृहमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में इस तरह की घटना होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोकने की जगह चुपचाप घटना को होते देखा।
पुलिस का कहना है कि मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।
विपक्ष का आरोप है कि प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शाम को सिटी कोतवाली के सामने धरना दिया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना अधिकार है, लेकिन सत्ता पक्ष की ताकत के दम पर विपक्ष की आवाज दबाना उचित नहीं।


