कवर्धा

कवर्धा संभाग को ‘सर्वोत्तम न्यूनतम लाइन लॉस’ पुरस्कार
20-Feb-2025 10:24 PM
कवर्धा संभाग को ‘सर्वोत्तम न्यूनतम लाइन लॉस’ पुरस्कार

विद्युत वितरण हानि में सुधार पर सम्मान समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 20 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह में कवर्धा (स./स.) संभाग को वर्ष 2023-24 के दौरान ‘सर्वोत्तम न्यूनतम लाइन लॉस संभाग ’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के अंतर्गत विद्युत वितरण में लाई गई उल्लेखनीय कमी को मान्यता मिली है। इस उपलब्धि पर सम्मान समारोह का आयोजन आज, 17 फरवरी 2025 को कार्यपालन अभियंता एवं समस्त स्टाफ (स./स.) संभाग कवर्धा द्वारा किया गया।

समारोह के मुख्य बिंदु

वर्ष 2022-23 में वितरण हानि 17.59 फीसदी थी, जबकि वर्ष 2023-24 में इसे 12.81 फीसदी तक कम किया गया, जिससे 2.28 फीसदी की उल्लेखनीय कमी आई है। इस सफलता के लिए कवर्धा (स./स.) संभाग को सर्वोत्तम न्यूनतम लाइन लॉस का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यपालन अभियंता गुरुदयाल सिंह फ्लोरा ने बताया कि यह सफलता समय पर कनेक्शन न मिल पाने के कारण होने वाली बिजली चोरी पर नियंत्रण, लीकेज की समस्या को सुलझाने, और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।

स्मार्ट मीटर की जानकारी- ए.इ. टाउन कवर्धा दीपक लसेर ने स्मार्ट मीटर की जानकारी दी। यह उन्नत मीटर उपभोक्ताओं को मोर बिजली ऐप के माध्यम से अपनी खपत, बिलिंग और अन्य विवरणों को रियल टाइम में देखने की सुविधा प्रदान करेगा।

इस कार्यक्रम का आयोजन अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया था ताकि वे भविष्य में और भी बेहतर कार्य कर सकें। विद्युत वितरण में लाइन लॉस में कमी लाने के प्रयासों को लगातार जारी रखा जाएगा।

कार्यपालन अभियंता और समस्त स्टाफ (स./स.) संभाग कवर्धा ने इस समारोह का आयोजन किया और सभी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। यह कदम न केवल बिजली वितरण प्रणाली में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि यह भविष्य में ऊर्जा संरक्षण और पारदर्शिता की ओर भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


अन्य पोस्ट