कवर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 5 दिसंबर। स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए, पंडरिया विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया और उपस्वास्थ्य केंद्र भाकुर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की कायाकल्प योजना के तहत प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल कबीरधाम जिले के लिए, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
सीएचसी पंडरिया: उत्कृष्टता का प्रतीक
97.43 फीसदी के शानदार स्कोर के साथ राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले सीएचसी पंडरिया ने स्वच्छता, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की संतुष्टि के उच्च मानक स्थापित किए हैं। यह केंद्र 24&7 प्रसव सेवाओं, डीएमसी लैब और आपातकालीन सुविधाओं जैसी सेवाओं के लिए जाना जाता है।
इस सफलता का श्रेय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. राज के प्रभावशाली नेतृत्व, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनामिका पटेल की मेहनत और विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप सिंह ठाकुर के समर्पण को जाता है। इनकी संयुक्त कोशिशों ने पंडरिया को राज्य के अग्रणी स्वास्थ्य केंद्रों में स्थान दिलाया है।
एसएचसी भाकुर: ग्रामीण सेवाओं की मिसाल
96.3 फीसदी के स्कोर के साथ एसएचसी भाकुर ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद, यहां की सफाई व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी ने इसे कायाकल्प योजना के मानकों पर खरा उतारा।
डॉ. बी.एल. राज और डॉ. अनामिका पटेल के कुशल मार्गदर्शन में स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों ने एक नई ऊंचाई हासिल की। प्रदीप सिंह ठाकुर के समन्वय और नेतृत्व ने भाकुर को इस सफलता तक पहुंचाया।
इस उपलब्धि में क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके सक्रिय प्रयासों ने स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जन सेवा ही भावना की तर्ज पर वे लगातार स्वास्थ्य केंद्रों के संसाधन बढ़ाने, डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में योगदान दे रही हैं। उनका मार्गदर्शन पंडरिया और भाकुर जैसे स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प पुरस्कार तक पहुंचाने में सहायक रहा।
कायाकल्प के अंतर्गत अन्य सम्मानित स्वास्थ्य केंद्र
कायाकल्प योजना के अंतर्गत पंडरिया विकासखंड के 18 अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी उनके प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र दिया जाएगा। इनमें शामिल हैं- सीएचसी कुकदुर, पीएचसी कुंडा, पांडातराई, छिरपानी, दामापुर, उपस्वास्थ्य केंद्र भाकुर, बघरा, पलनसारी, मैनपुरा, धोबघट्टी, पाढ़ी, खैरझिति पुराना, नर्सिंगपुर, भेलकी, पौनी, सुकलीगोविंद और परसवारा।