कवर्धा

किसान संघ के पदाधिकारियों ने की भोरमदेव शक्कर कारखाना अफसर से कई मुद्दों पर चर्चा
12-Nov-2021 5:41 PM
किसान संघ के पदाधिकारियों ने की भोरमदेव शक्कर कारखाना अफसर से कई मुद्दों पर चर्चा

समस्याओं के जल्द निदान की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला, 12 नवंबर
। भारतीय किसान संघ के जिला ब्लाक के पदाधिकारियों ने भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना पहुंच कर वहां के मेंटेनेंस कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण  करने के लिए भारतीय किसान संघ के जिला एवं ब्लाक इकाई के पदाधिकारियों में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी मंत्री जीवन यादव सह मंत्री जयचंद वर्मा गन्ना मंत्री इंद्र कुमार वर्मा गन्ना मंत्री राकेश चंद्रवंशी जिला उपाध्यक्ष कमलेश चंद्रवंशी पूर्व कार्यकारी जिला अध्यक्ष कुणाल ठाकुर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश वर्मा मंत्री समरू साहू उपाध्यक्ष राजाराम वर्मा सहकारिता प्रमुख मोहन वर्मा सुनील जायसवाल तथा अन्य किसानों ने मेंटेनेंस कार्य का भौतिक संज्ञान लिया। भौतिक निरीक्षण के उपरांत उन्होंने पाया कि कारखाना में 80 से 90 फीसदी  मेंटेनेंस का काम  पूर्ण हो गया है और कारखाना को जल्द ही शुरू करने के विषय में उपस्थित अधिकारी से बातचीत की गई।

किसान संघ के पदाधिकारियों ने रिकवरी की बचत राशि के संबंध में भी अधिकारी से बात करते हुए किसानों के खाते में जल्द ही राशि डालने का आग्रह किया है। कारखाना प्रबंधन से चर्चा के दौरान उन्होंने बताया गया कि कारखाना का बॉयलर पूजा 14 नवंबर को और 20 नंवबर से कारखाना शुरू करने की तैयारी है। भोरमदेव शक्कर कारखाना में पिराई सत्र शुरू करने के लिए  समस्त  कारखाना प्रबंधन स्टॉप चौबीसो घण्टे तैयारी में  जुटें हैं। किसान संघ के पदाधिकारियों ने इस प्रकार  पेराई सत्र शुरू होने के पहले प्रबंधन से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत कर किसानों की शेष राशि जल्द ही डालने की मांग करते हुए किसानों की विभिन्न समस्याओं पर बातें रखकर उनके निदान की मांग की।
 


अन्य पोस्ट