कांकेर
कांकेर, 25 अक्टूबर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कोड़ेकुर्से थाना क्षेत्र में नाबालिग से रेप के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग को प्रेम और विवाह का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध रेप करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अलबेलापारा स्थित शासकीय अस्पताल एमसीएच, कांकेर से एक नाबालिग के गर्भवती होने और नवजात शिशु को जन्म देने के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडि़ता की मां से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने ग्राम सुरंगदोह बड़ेपारा निवासी अभिषेक मरकाम पर नाबालिग को प्रेम एवं विवाह का आश्वासन देकर उसके मना करने के बावजूद रेप करने का आरोप लगाया।
प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर प्रारंभिक रूप से थाना कांकेर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2)(एम), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटनास्थल कोड़ेकुर्से थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोड़ेकुर्से में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।