कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 19 अक्टूबर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले व्यक्ति को ही पुलिस ने आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बागडोंगरी निवासी प्रदीपचंद्र गंगबेर ने 17 अक्टूबर को थाना चारामा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार के साथ नवरात्रि कार्यक्रम से लौटने पर उसे घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण और संदिग्ध पहलुओं की जांच की गई, जिसमें शिकायतकर्ता की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं ही ऑनलाइन जुआ खेलने और अपने अन्य शौक पूरे करने के लिए घर से जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का हार, कान के झुमके, सोने की अंगूठी, लॉकेट, चांदी के करधन, पायल, कटोरी और चम्मच सहित अन्य आभूषण जप्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी कांकेर हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में की गई।