कांकेर

2 कृषि अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार
15-Oct-2026 10:24 PM
2 कृषि अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार

फसल बीमा राशि का 75 फीसदी हिस्सा मांगा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 15 अक्टूबर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में फसल बीमा की राशि स्वीकृत कराने के एवज में रिश्वत मांगने वाले दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर की टीम ने 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ग्राम आलनार (तहसील आमाबेड़ा) निवासी किसान सगाऊ राम कोमरा की फसल नष्ट होने पर 90 हजार रुपये की बीमा राशि बन रही थी। आरोप है कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर और सुंदर लाल बच्छड़ ने बीमा प्रकरण तैयार कर राशि दिलाने के बदले कुल राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था।

किसान की शिकायत और सत्यापन के बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को किसान से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपये लेते हुए दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

एसीबी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 एवं 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट