कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 12 अक्टूबर। आरक्षित वनक्षेत्र से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में गोण्डाहूर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को उसके निवास से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षित वनक्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ-1142 स्थित 25 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले रोपण स्थल पर अतिक्रमण कर मक्का की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम पीव्ही-52 जयपुर निवासी हरिमोहन दास ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की का प्रयास करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
मामले में प्रार्थिया की लिखित शिकायत पर थाना गोण्डाहूर में बीएनएस की धारा 221 एवं 132 में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिमोहन दास निवासी पीव्ही-52 जयपुर, थाना गोण्डाहूर को उसके निवास से पकडक़र गिरफ्तार कर लिया।