कांकेर
दोस्तों संग पिकनिक मनाने गए थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 2 अक्टूबर। पखांजूर से लगी महाराष्ट्र सीमा के पास कारका नदी में नहाने के दौरान दो छात्रों के डूबने की घटना सामने आई है। दोनों छात्र कक्षा 10वीं के बताए जा रहे हैं और पखांजूर ब्लॉक क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा नदी में दोनों की तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक दोनों छात्रों का पता नहीं चल पाया था।
मिली जानकारी के अनुसार, पखांजूर क्षेत्र से 9 दोस्त महाराष्ट्र के ईरपानार से लगे करका घाट में नदी किनारे पिकनिक मनाने गए थे। इस दौरान सात दोस्त खाना बनाने में व्यस्त थे, जबकि दो दोस्त नदी में नहाने के लिए चले गए। दोनों पानी में उतरने के बाद वापस बाहर नहीं आए। काफी देर तक दोनों के नहीं लौटने पर अन्य दोस्तों ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों से सूचना मिलने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम के साथ पखांजुर एएसपी राकेश कुमार कुर्रे भी मौके पर पहुंचे। नदी में डूबे छात्रों की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है, जिसमें स्थानीय ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं।
नदी में डूबे छात्रों की पहचान अभिजीत विश्वास और साहिल बर्मन के रूप में बताई गई है। जानकारी के अनुसार साहिल पीवी-105 और अभिजीत पीवी-109 गोपालपुर के निवासी बताए गए हैं। दोनों के नदी में डूबने की सूचना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस और ग्रामीण लगातार दोनों छात्रों की तलाश में जुटे हुए हैं।