कांकेर
कांकेर, 30 सितंबर। नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ कथित रूप से शारीरिक संबंध बनाने के मामले में कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद अलग-अलग अवसरों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को प्रार्थिया ने थाना कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसकी नाबालिग पुत्री को आरोपी ने प्रेमजाल में फंसाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(एम), 89 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अरमान मेमन (22) को तलब कर पूछताछ के लिए थाना लाया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात स्वीकार की गई, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।