कांकेर
घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 26 सितंबर। चारामा नगर के रिहायशी इलाकों में लगातार दूसरे दिन भालू की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। शुक्रवार सुबह भालू के सदर बाजार क्षेत्र में दिखाई देने के बाद वह स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में जा घुसा। काफी देर तक भालू के परिसर में मौजूद रहने के कारण प्रशासन को स्कूल में तत्काल अवकाश घोषित करना पड़ा। हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों को भी सुरक्षा के लिहाज से अंदर ही रहने और बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई।
भालू की गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों को भी सतर्क किया। मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले नागरिकों को कोरर चौक से दुधावा मार्ग की ओर नहीं जाने की समझाइश दी गई। इसके बाद भालू बिजलापारा पहुंचा, जहां सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में कुछ समय तक घूमने के बाद वह विद्युत विभाग कार्यालय परिसर में जा बैठा।
हाईटेंशन तार की चपेट में आया वनकर्मी
भालू को सुरक्षित पकडऩे के लिए वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम का एक सदस्य हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आकर झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। इसके बाद भी टीम ने अभियान जारी रखा।
वन विभाग की टीम ने कई घंटे तक भालू की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने का प्रयास किया। आखिरकार भालू को सुरक्षित पकड़ लिया गया। लगातार दो दिनों तक आबादी वाले इलाकों में भालू की मौजूदगी के कारण लोगों में भय का माहौल बना रहा। प्रशासन और वन विभाग की सक्रियता से स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।