कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 26 सितंबर। आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गरदा में बड़े भाई की हत्या के मामले में न्यायालय ने आरोपी मंगऊ राम कावड़े को दोषसिद्ध करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मुख्य सेशन न्यायाधीश, कांकेर ने आरोपी पर एक हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर छह माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार घटना 20 अक्टूबर 2025 की है। आरोपी मंगऊ राम कावड़े नारायणपुर से अपने घर ग्राम गरदा आया हुआ था और घर के आंगन में बैठा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई मंगतु राम कावड़े भरमार बंदूक लेकर वहां पहुंचा। मोटरसाइकिल नहीं देने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि मंगतु राम ने भरमार बंदूक से आरोपी पर फायर कर दिया। गोली से निकला लोहे का टुकड़ा मंगऊ राम के दाहिने पैर में लगा, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद मंगऊ राम ने अपने भाई से बंदूक छीन ली और उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इसी दौरान आक्रोश में उसने बंदूक के बट से मंगतु राम के सिर पर दो बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद मंगतु राम आंगन में गिर गया और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर आमाबेड़ा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 18/2025 के तहत जांच शुरू की तथा अपराध क्रमांक 13/2025 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को संकलित किया गया।
मामले में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक ईश्वर लाल साहू ने न्यायालय के समक्ष साक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मौखिक, परिस्थितिजन्य एवं अन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन करने के बाद आरोपी के विरुद्ध आरोप संदेह से परे प्रमाणित पाए। इसके बाद मंगऊ राम कावड़े को आजीवन कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।