कांकेर

दो चोरी का खुलासा, महिला समेत दो बंदी 5 लाख के जेवरात, बाइक व सामान जब्त
26-Sep-2026 10:23 PM
दो चोरी का खुलासा, महिला समेत दो बंदी 5 लाख के जेवरात, बाइक व सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 26 सितंबर। हल्बा चौकी और नरहरपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दोनों मामलों में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम किलेपार निवासी मधुबाई मंडावी ने 5 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई से 3 अगस्त के बीच अज्ञात आरोपी उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया। मामले में नरहरपुर थाने में धारा 305, 331 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-05-एयू-1817 में एक महिला और पुरुष सोने-चांदी के जेवरात बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर हल्बा चौकी, नरहरपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने किलेपार में मधुबाई मंडावी के घर की आलमारी से जेवरात चोरी करने तथा चोरी का सामान ग्राम सिलीडीही, थाना भखारा, जिला धमतरी में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 8 सितंबर को ग्राम कुरालठेमली में बिमला बाई नेताम के घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की। इस मामले में नरहरपुर थाने में अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 305, 331(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है।

आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मामलों का चोरी का सामान अलग-अलग बरामद कर जब्त किया गया। हल्बा चौकी के मामले में छह जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने की कनछड़ी, जमीन संबंधी दस्तावेज और मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं नरहरपुर के मामले में एक जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील साहू (35), निवासी उरकुड़ा, थाना चारामा और उषा देवांगन (30), निवासी ग्राम सिलीडीही, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों को 25 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट